रायपुर

महादेव घाट में सफाई के दौरान तीन नाव क्षतिग्रस्त, विरोध के बाद नया देने का आश्वासन
14-Nov-2026 6:38 PM
महादेव घाट में सफाई के दौरान तीन नाव क्षतिग्रस्त, विरोध के बाद नया देने का आश्वासन

एक महीने में नाव बनाकर देगा निगम, तब तक कलेक्टर दर पर रोजगार का वादा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 नवंबर। महादेव घाट में छठ पर्व की तैयारी के लिए सफाई के दौरान नगर निगम के अमले ने जेसीबी से नाविकों की तीन नाव क्षतिग्रस्त कर दीं। घटना के विरोध में शुक्रवार को छत्तीसगढिय़ा क्रांति सेना ने निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। विरोध के बाद निगम प्रशासन ने तीनों प्रभावित नाविकों को एक महीने के भीतर नई नाव बनाकर देने और इस अवधि में कलेक्टर दर पर रोजगार उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दिया है। क्रांति सेना ने एक बयान में बताया कि बीती रात महादेव घाट में छठ पर्व को देखते हुए नगर निगम के जोन-8 के अमले द्वारा सफाई कराई जा रही थी। इस दौरान बिना पूर्व सूचना के जेसीबी से काम शुरू कर दिया गया, जिससे पर्यटकों को घाट पर घुमाने वाले नाविकों की तीन नाव पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसकी जानकारी मिलने पर नाविकों ने जेसीबी चालक को रोका और मशीन हटवाई, जिससे अन्य नावों को नुकसान होने से बचाया जा सका।


अन्य पोस्ट