रायपुर

हड़ताल को कुचलने एजेंसियों का सहारा ले रही, गंभीर परिणाम होंगे- झा
14-Nov-2026 6:33 PM
हड़ताल को कुचलने एजेंसियों का सहारा ले रही, गंभीर परिणाम होंगे- झा

 रायपुर, 14 नवंबर। आम आदमी पार्टी प्रवक्ता विजय कुमार झा ने कहा है कि  अविभाजित छत्तीसगढ़ में ट्रेड यूनियन आंदोलन के इतिहास में पहली बार राज्य सरकार पटवारियों की हड़ताल खत्म करने अपनी एजेंसी ईओडब्ल्यू  का सहारा ले रही है, जो भविष्य के लिए अत्यंत खतरनाक है। श्री झा ने पटवारियों  का समर्थन करते हुए कहा है कि तत्काल धान खरीदी व किसानों के हित को देखते हुए राज्य सरकार को दमनात्मक कार्यवाही के  बजाए चर्चा के माध्यम से आंदोलन को समाप्त कराने में रुचि लेनी चाहिए, अन्यथा छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक आंदोलन के लिए सभी कर्मचारी संगठन तैयार हो रहे हैं।

 श्री झा ने बताया है कि  फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा ने भी हड़ताल का समर्थन किया है। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने कल पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयो में प्रदर्शन कर दमनात्मक कार्यवाही की निंदा करते हुए, पटवारियों  के निलंबन को तत्काल वापस लेकर चर्चा के माध्यम से समस्या के निदान की मांग करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को ज्ञापन सौपा है। श्री झा ने कहा है कि आप पार्टी ने भी हर जिले में  उनके मान सम्मान की रक्षा करने का संकल्प लिया है।


अन्य पोस्ट