रायपुर

फर्जी जज बन केस सेटल करने महिला से 1.88 लाख की ठगी
13-Nov-2026 6:40 PM
फर्जी जज बन केस सेटल करने महिला से 1.88 लाख की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 नवम्बर। सुप्रीम कोर्ट का वकील और राजस्थान कैडर का  सिविल जज बताकर खमतराई की एक महिला से 1. 88 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़ता आरजू शर्मा ने थाना में इसकी लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ धारा 318(4) और 319(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

गोकुल विहार, शिवानंद नगर निवासी आरजू शर्मा प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका हैं। उनकी पहचान पूजा सिंह से स्कूल के दिनों से थी। पूजा ने सोशल मीडिया पर खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील बता पोस्ट शेयर किया था। पूर्व परिचित होने के कारण आरजू शर्मा फेसबुक फे्रड रहे। बाद में उसने वर्ष 2026 में राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर चयनित होने और प्रशिक्षण लेने की बात बताई।

इस बीच आरजू भाई के वैवाहिक विवाद को लेकर उससे चर्चा की थी। जिसके बाद आरोपी महिला ने मामले में मदद करने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने पुलिस, कोर्ट में पहचान होने की बात कही। उसने मामले को खत्म कराने, और केस खत्म करने का भरोसा दिला कर उससे पैसों की मांग की। आरजू ने भी उस पर भरोसा कर सितंबर में यात्रा खर्च, वकील की फीस, अधिकारी को देने और अन्य कानूनी कार्यवाही के बहाने अलग-अलग किस्तों में  1,88,000 रुपये लिए ।

इस बीच आरोपी ने उसे एक अन्य वकील अमानत उल्ला खान से भी मिलवाया और बताया कि वे सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील हैं। इसके बाद पुलिस अधिकारी से बातचीत और केस में राहत दिलाने  ऑनलाइन भुगतान भी कराए गए। शिकायत में मोहला-मानपुर पुलिस चौकी ले जाने और वहां से मामले का निराकरण कराने का आश्वासन दिया गया।

आरजू को उस पर शक हुआ तो उसके बारे में पूछताछ की। जिसके बाद उसने दिए गए रकम वापस मांगी। तो आरोपी टालमटोल करने लगी। बाद में फोन पर संपर्क करने पर उसके साथ गाली गलौज कर झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई।

पीडि़ता ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पूजा सिंह के खिलाफ धारा 318-4, 319(2)  के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट