रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 नवंबर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी में 11 नवंबर को मातर पर्व के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई। ग्राम के ही पुलिस रिकॉर्डधारी अंगेश्वर वर्मा ने पड़ोसी ग्राम कठिया के युवक निहाल वर्मा को चाकू मार दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे देर रात ग्रामीण युवकों ने पकडक़र पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक मातर पर्व के अवसर पर गांव में रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान आरोपी ने निहाल के प्राइवेट पार्ट के पास चाकू से वार कर दिया। घायल को ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुका था।
बाद में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण युवकों ने आरोपी को देखा और पकड़ लिया। बताया गया कि आरोपी की गतिविधियों से परेशान ग्रामीणों ने उसकी पिटाई भी की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(2), 119(2) और 296 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।