रायपुर

रायपुर में 99 फीसदी से अधिक स्ट्रीट लाइट चालू, 667 बंद लाइटों को सुधारने का काम जारी
12-Nov-2026 7:45 PM
रायपुर में 99 फीसदी से अधिक स्ट्रीट लाइट चालू, 667 बंद लाइटों को सुधारने का काम जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 नवंबर। नगर निगम ने शहर में स्ट्रीट लाइट और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र को लेकर सामने आ रही शिकायतों पर स्थिति स्पष्ट की है। निगम के अनुसार, पूरे शहर में कुल 66,930 स्ट्रीट लाइट लगी हैं, जिनमें से मात्र 667 बंद हैं। यह कुल संख्या का एक प्रतिशत से भी कम है। बंद लाइटों को सुधारने का काम जारी है।

निगम के विद्युत विभाग ने सभी 10 जोनों को अधोसंरचना मद से पांच-पांच लाख रुपये उपलब्ध कराए हैं। इससे जोनों ने कुल 1,978 नई स्ट्रीट लाइट फिटिंग खरीदी हैं। इनमें जोन एक में 212, जोन दो में 140, जोन तीन में 212, जोन चार में 202, जोन पांच में 200, जोन छह में 215, जोन सात में 200, जोन आठ में 197, जोन नौ में 188 और जोन दस में 212 फिटिंग शामिल हैं। इन्हें खाली पड़े बिजली के खंभों पर लगाया जा रहा है। प्रत्येक जोन में चार गैंग इस काम में लगे हैं। निगम के अनुसार, 102 कर्मचारियों के माध्यम से स्ट्रीट लाइट का संचालन और संधारण किया जा रहा है। इसके अलावा पार्षद निधि से भी विभिन्न वार्डों में लाइटें लगाई गई हैं।

जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के सर्वर में समस्या नहीं

नगर निगम ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने में सर्वर डाउन की शिकायतों को खारिज करते हुए कहा है कि प्रमाणपत्र निर्धारित समय सीमा में जारी किए जा रहे हैं। हालांकि, वर्ष 2001 से 2016 के बीच ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर बने जन्म प्रमाणपत्रों को भारत सरकार के सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (सीआरएस) पोर्टल पर दर्ज करने में तकनीकी त्रुटि आ रही है। इसके कारण बच्चे के जन्म स्थान की जगह उसका स्थायी पता स्वत: दर्ज हो रहा है। निगम ने समस्या के निराकरण के लिए चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र भेजा है। तकनीकी खामी दूर होने के बाद पुराने प्रमाणपत्रों को सीआरएस पोर्टल पर बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


अन्य पोस्ट