रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य में 13 अक्टूबर से जारी राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन को सरकार प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय कुमार झा ने कहा है कि सरकार के अडिय़ल रवैया दमनात्मक कार्यवाही से 15 नवंबर से जारी धान खरीदी का कार्य तो प्रभावित होगा ही होगा, किसानों, छात्रों के अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पुल का काम कर भागीरथी प्रयास कर सकते थे, लेकिन वह दमनात्मक कार्यवाही में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। श्री झा ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा आंदोलन के दौरान किए गए दमनात्मक कार्यवाही को वापस न लेने के लिए अड़े रहने के कारण पटवारी भी पूरे प्रदेश में किसान के बेटे हैं, शासकीय कर्मचारी हैं। वे भी अपनी मांगों के लिए अड़े हुए है।
कुल मिलाकर प्रदेश में पटवारी के हड़ताल से मंत्रालय में एसी में बैठे अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ता है, बल्कि राज्य सरकार को भूपेश बघेल सरकार जैसे हराने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत, सह प्रभारी सौरभ झा एवं प्रमुख प्रवक्ता सूरज उपाध्याय,परमानंद जांगड़े ने तत्काल मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री से मांग की है कि छत्तीसगढ़ के पटवारियों के दमनात्मक कार्यवाही को तत्काल वापस लेकर चर्चा के माध्यम से समस्या का निदान करें, अन्यथा आम आदमी पार्टी हर जिले में पटवारियों के आंदोलन में सहभागी बनेगा।