रायपुर

राज्य का निर्यात दोगुना करने की तैयारी, एफटीए हेल्पडेस्क 15 जनवरी से
12-Nov-2026 7:39 PM
राज्य का निर्यात दोगुना करने की तैयारी, एफटीए हेल्पडेस्क 15 जनवरी से

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने और राज्य का निर्यात दोगुना करने के लक्ष्य के साथ सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए उद्योग विभाग में 15 जनवरी 2027 से एफटीए हेल्पडेस्क शुरू किया जाएगा। वहीं, फरवरी 2027 तक प्रदेश के सभी संभागों में मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने गुरुवार को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में ये घोषणाएं कीं।

भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, विदेश व्यापार महानिदेशालय और आईटीपीओ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में मुक्त व्यापार समझौतों के प्रभावी उपयोग पर चर्चा हुई। मंत्री देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। यहां के वनोपज आधारित उत्पादों की देश और विदेश में मांग है।

पिछले वर्ष प्रदेश का निर्यात लगभग 18 हजार करोड़ रुपये रहा, जिसमें चावल, इस्पात, फेरो-एलॉय और एल्युमीनियम की प्रमुख भूमिका रही है। भारत ने संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, ओमान, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड सहित कई देशों के साथ व्यापारिक समझौते किए हैं। इन समझौतों का लाभ प्रदेश के निर्यातकों तक पहुंचाना जरूरी है।


अन्य पोस्ट