रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 नवंबर। निजी स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाए जाने के फैसले का प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने विरोध किया है। एसोसिएशन ने राज्य जनगणना कार्यालय के प्रभारी अधिकारी को पत्र लिखकर निजी स्कूलों के शिक्षकों को जनगणना कार्य से मुक्त रखने की मांग की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता और सचिव मोतीलाल जैन ने पत्र में कहा है कि निजी स्कूलों के शिक्षकों की जनगणना कार्य में ड्यूटी लगाने की आवश्यकता नहीं है। सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की तरह निजी स्कूलों के शिक्षकों की छुट्टियां भी नहीं होतीं। स्कूल शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार प्रतिवर्ष 220 दिन कक्षाएं लगाना अनिवार्य है, लेकिन निजी स्कूल पिछले कुछ वर्षों से 180 से 185 दिन से अधिक संचालित नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों की अतिरिक्त ड्यूटी से शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।
एसोसिएशन ने तर्क दिया है कि कई अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी भी जनगणना कार्य में लगाई जा सकती है। जिन विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के अनुपात में नहीं लगती, उनकी सेवाएं भी ली जानी चाहिए। एसोसिएशन ने कहा है कि निजी स्कूलों के शिक्षकों को जनगणना कार्य में लगाने पर वे शैक्षणिक और अन्य आवश्यक गतिविधियों में सहयोग नहीं कर पाएंगे। इसलिए सरकार अपने फैसले पर पुनर्विचार करे।