रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 नवंबर। गोवर्धन पूजा के मौके पर मंगलवार को पुरानी बस्ती स्थित जैतूसाव मठ में अन्नकूट का आयोजन किया गया। महंत रामसुंदर दास ने रामचंद्र स्वामी को 56 भोग का प्रसाद अर्पित कर गौवंश की महाआरती की।
छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति में गोवर्धन पूजा का विशेष स्थान है। इस अवसर पर गायों और अन्य मवेशियों को सजाकर उनकी पूजा करने तथा कृषि एवं पशुधन की समृद्धि की कामना करने की
परंपरा है।
गोवर्धन पूजा से जुड़ी धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को भगवान इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर सात दिनों तक उठाए रखा था। इस दौरान उन्होंने अन्न ग्रहण नहीं किया था। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण को प्रतिदिन आठ बार भोजन कराया जाता था। सात दिनों तक भोजन नहीं करने के उपलक्ष्य में आठ पहर के हिसाब से कुल 56 प्रकार के व्यंजन तैयार कर उन्हें अर्पित किए जाने की परंपरा प्रचलित हुई। इसी मान्यता के चलते गोवर्धन पूजा पर भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग लगाया जाता है।
डेका बांके बिहारी मंदिर में
रायपुर, 10 नवंबर। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर रायपुर के सदर बाजार स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर भगवान श्री बांके बिहारी जी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी भी उपस्थित थीं।राज्यपाल श्री डेका ने भगवान श्री बांके बिहारी जी से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।