रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 नवंबर। भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक एवं चातुर्मास निष्ठापन महोत्सव पर सोमवार को श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक महोत्सव भक्तिभाव एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया था।
समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र जैन ,एवं भरत जैन ने बताया कि प्रात:काल सर्वप्रथम शांतिधारा उपरांत निर्वाण लाडू समर्पित किया गया। धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री पुनीत सागर ने अपनी मंगल देशना में भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक का महात्म्य बताया।
मुनि श्री आगम सागर ने घोषणा की कि बड़ा मंदिर के पुनर्निर्माण और इसे तीर्थ क्षेत्र का स्वरूप देने साथ ही आचार्य श्री के समाधि स्थल डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरि तीर्थ पर बन रहे भव्य समाधि स्थल हेतु अधिक से अधिक सहयोग देने की प्रेरणा दी।
एलक श्री धैर्य सागर जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि वही बंधन श्रेष्ठ है जो जीव को वास्तविक स्वतंत्रता अर्थात् मोक्ष की ओर ले जाए। इसके साथ ही उन्होंने चतुर्मास के अंतिम दिन निष्ठापन से जुड़ी महत्वपूर्ण गूढ़ बातों का विस्तृत वर्णन किया।
कार्तिक अमावस्या के पावन अवसर पर कचना स्थित अमलतास कैसल परिसर के श्री मुनि सुब्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान श्री महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया।मंदिर के अध्यक्ष हिमांशु जैन ने बताया कि इस अवसर पर शांतिधारा कर भगवान महावीर के चरणों में निर्वाण लड्डू अर्पित किया। सुरेश मोदी ने बताया कि भगवान महावीर का निर्वाण दिवस उनके जीवन के पांच प्रमुख कल्याणकों में से एक है। भगवान महावीर ने कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या को 72 वर्ष की आयु में बिहार के पावापुरी में निर्वाण अर्थात मोक्ष प्राप्त किया था।संध्याकाल में भगवान महावीर के प्रमुख शिष्य गौतम गणधर स्वामी को केवलज्ञान (सर्वज्ञता) की प्राप्ति हुई थी। इस प्रकार दीपावली का पर्व जैन धर्म में भगवान महावीर के निर्वाण एवं गौतम गणधर स्वामी के केवलज्ञान प्राप्ति के कारण विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के जयकारों के साथ उनके बताए सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।