रायपुर

जमीन को विवाद मुक्त कराने 35 लाख लिए अब दूसरे के नाम रजिस्ट्री, एफआईआर
06-Nov-2026 6:46 PM
जमीन को विवाद मुक्त कराने 35 लाख लिए अब दूसरे के नाम रजिस्ट्री, एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 नवंबर। जमीन खरीदी बिक्री के एक पुराने मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी दर्ज किया है। जमीन खरीदी के नाम पर राजधानी निवासी शिखर चर्तुवेदी ने जमीन का सौदा कर भूमि दूसरे के नाम करने और सौदे के एवज में 35 लाख लेने का मामला दर्ज कराया है।

शिखर चतुर्वेदी ने विजय सहजवानी के साथ महासमुंद जिले के ग्राम पिरदा स्थित खसरा नंबर 312 एवं 479 की जमीन का सौदा 60 लाख रुपये में किया था। उक्त जमीन को लेकर राकेश कुमार अग्रवाल एवं श्याम जसवानी के बीच विवाद चल रहा था। इस विवाद को समाप्त कराने के नाम पर आरोपियों ने शिखर से अलग-अलग किस्तों में रकम लिए। शिखर ने 18 सितंबर 2024 को राकेश कुमार अग्रवाल के बैंक खाते में आनलाइन माध्यम से 10 लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद 14 जनवरी 2025 को श्याम जसवानी के नाम पर 10 लाख और 14 मई 2025 को अन्य खर्चों के नाम पर 15 लाख रुपये नकद भुगतान किया गया।

इसके बाद जमीन का विवाद समाप्त होने के बाद 9 जून 2025 को उक्त भूमि उसके नाम रजिस्ट्री कराने के बजाय सुनील नंदलाल सुखरमानी के नाम पर पंजीकृत करा दी गई। आरोप है कि विजय सहजवानी एवं राकेश कुमार अग्रवाल ने आपसी मिलीभगत कर धोखाधड़ी की और उसकी रकम हड़प ली। उनसे संपर्क करने पर अब दोनों आरोपी का मोबाइल नम्बर बंद हो गया। बार बार पूछताछ करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

मामले की शिकायत शिखर ने पुलिस कमिश्नर को की गई थी। जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर तेलीबांधा पुलिस ने धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस बैंक लेन-देन, जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट