रायपुर
धनतेरस पर आटोमोबाइल सेक्टर में भी उछाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 नवंबर। विश्व स्तर पर कीमतों में आई गिरावट से राजधानी का सराफा बाजार भी गुलजार रहा। त्यौहार को देखते हुए खासकर सराफा बाजार में सोने और चांदी की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। इस बार कीमती धातुओं की कीमतों में आई नरमी ने भी ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया है। सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने कहा कि धनतेरस की परंपरा अनुसार बाजार अच्छा चल रहा है। लोग शगुन के साथ कीमतें घटने से खरीदारी में उत्साह दिखाया। लोगों ने लाइटवेट के बजाय वजऩ बढ़ा कर खरीदी की। सदर लाइन की दुकानों में खासी भीड़ रही।
सदर बाजार स्थित एटी ज्वेलर्स, समृद्धि ज्वेलर्स, भंसाली ज्वेलर्स, सराफा के मुताबिक, सोने की कीमत डेढ़ लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे आने से ग्राहकों और निवेशकों को कुछ राहत मिली है। वहीं, चांदी की कीमतों में नरमी का असर भी बाजार में देखने को मिल रहा है। धनतेरस के शुभ अवसर पर लोग सोने-चांदी के सिक्के, आभूषण और अन्य कीमती वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं।ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ज्वेलरी शोरूमों की ओर से विशेष ऑफर और कम मेकिंग चार्ज की सुविधा दी जा रही है। कुछ ज्वेलरी स्टोर्स में करीब 3 प्रतिशत मेकिंग चार्ज पर आभूषण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके चलते खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।
इस बार ऑनलाइन शॉपिंग के मुकाबले स्थानीय बाजारों में ग्राहकों की अधिक भीड़ नजर आ रही है। सराफा बाजार के अलावा बर्तन, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ा बाजारों में भी अच्छी चहल-पहल है। व्यापारियों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली के दौरान कारोबार में और तेजी आएगी।