रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 नवंबर। श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में मुनि श्री आगम सागर ससंघ के सानिध्य में शुक्रवार को मूलनायक भगवान का भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। आज शांतिधारा कोटा (राजस्थान) निवासी जयप्रकाश जैन एवं रजत जैन सभद्रा परिवार ने किया।
मुनि श्री पुनीत सागर ने अपनी धार्मिक कक्षा में ग्रंथराज 'इष्टोपदेश' का बहुत ही सुंदर और मर्मस्पर्शी अध्ययन करवाया।
उन्होंने कहा कि मोह को कम करें और यदि आपके पास बुद्धि, साहस और उचित समय है, तो बिना देर किए अपना आत्म-कल्याण कर लेना चाहिए। जो जितना अधिक सहन करेगा, वह उतना ही आध्यात्मिक रूप से ऊपर उठेगा। मंदिर समिति अध्यक्ष संजय जैन एवं सचिव राजेश जैन ने बताया कि 9 नवंबर को अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के साथ 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष गमन के पावन प्रसंग पर भव्य रूप से निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा।