रायपुर
अनवर ढेबर, कुबेर राठी सहित 6 के खिलाफ मामला दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 नवम्बर। चार साल पहले जमीन सौदे और रकम लेनदेन की बात को लेकर जमीन कारोबारी ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि लभांडी स्थित 2.60 लाख वर्गफिट जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए संदीप अग्रवाल ने 4 करोड़ रूपए की मांग की। जो कि उक्त भूमि बोरड परिवार की है। जमीन कारोबारी ने चार साल पहले भूमि का 40 हजार वर्गफिट जमीन बोरड परिवार से खरीदा था। जिसकी रजिस्ट्री भी कराई गई।
हनुमान नगर कालीबाड़ी निवासी 62 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी बलिराम धरमानी ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल सहित छह लोगों पर 4 करोड़ रुपये देने का दबाव बनाने, गाली-गलौज, मारपीट और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में संदीप अग्रवाल उनके कटोरा तालाब स्थित कार्यालय पहुंचे और विवादित जमीन उनके नाम पर रजिस्ट्री कराने के एवज में 4 करोड़ रुपये की मांग की। इस पर मौखिक सहमति बनी थी, लेकिन करीब चार साल बीतने के बाद भी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी। इसके बाद बलिराम ने अपने नाम पर दर्ज 40 हजार वर्गफुट जमीन वापस बोरड परिवार के नाम रजिस्ट्री कर दी। उनके मुताबिक, जमीन के एवज में दी गई 1 करोड़ 65 लाख रुपये की रकम और शेष जमीन की बयाना राशि 1 करोड़ 50 लाख रुपये सहित कुल 3 करोड़ 15 लाख रुपये वापस मिल गए। उनका कहना है कि बोरड परिवार के साथ अब कोई लेन-देन शेष नहीं है।
बलिराम ने शिकायत में बताया कि 24 सितंबर 2026 को नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी के फोन आए और उन्हें कुबेर राठी से बात करने के लिए कहा गया। इसके बाद 26 सितंबर को उनके मित्र आबिद हसन के कार्यालय में बैठक हुई, जहां कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, नागेंद्र पांडेय, विवेक जोशी सहित अन्य लोग मौजूद थे। इस दौरान उनसे 4 करोड़ रुपये देने की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने राशि देने से इनकार करते हुए संदीप अग्रवाल से अपना कोई बकाया लेन-देन नहीं होने की बात कही। 27 सितंबर को कुबेर राठी के कहने पर बलिराम अपने मित्र आबिद हसन और आरिफ रजा के साथ फाफाडीह चौक स्थित होटल वेलिंगटन पहुंचे। वहां अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी मौजूद थे। आरोप है कि 4 करोड़ रुपये की मांग को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और अनवर ढेबर व कुबेर राठी ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। धमकी दी।
शिकायत पर पुलिस ने छह के खिलाफ धारा 308(2), 351(3), 296, 115(2), 61(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।