रायपुर

वेतन शाखा में 1.18 करोड़ का हेरफेर, आरक्षक पर लगे आरोप
05-Nov-2026 9:16 PM
वेतन शाखा में 1.18 करोड़ का हेरफेर, आरक्षक पर लगे आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 नवम्बर। माना कैम्प इलाके के चौथी वाहिनी सशस्त्र बल में वेतन एवं भत्ता में हेरफेर कर 1.18 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता में मामले में आरक्षक कमलेश कुमार साहू पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। आरोप है कि कमलेश साहू ने अक्टूबर माह के वेतन पर्ची में कूटरचना एवं शासकीय राशि के अनुचित आहरण किया। और इस राशि को अपने परिवार के अन्य खाता में ट्रांसफर किया गया।

माना पुलिस ने मामले में आरोपी आरक्षक के खिलाफ 420, 468 और 409 का अपराध दर्ज किया है।

सशस्त्र बल माना एसआई अरूण खलखो ने शिकायत में बताया कि प्रारंभिक जांच में आरक्षक कमलेश कुमार साहू ने वेतन शाखा में संबद्धता के दौरान नवंबर 2012 से अप्रैल 2017 के बीच वेतन पर्चियों में कथित छेड़छाड़ कर पात्रता से अधिक प्रतिनियुक्ति भत्ता एवं विशेष राशन भत्ता आहरित किया गया।

अतिरिक्त राशि स्वयं आरक्षक के दो बैंक खातों तथा उनकी माता के बैंक खाते में जमा कराई गई। इस प्रकार उसने 1,18,30,739 रुपये की राशि का अनुचित आहरण किया।

जानकारी के मुताबिक वाहिनी की प्राथमिक जांच रिपोर्ट दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद वेतन शाखा प्रभारी सहायक उप निरीक्षक (अ) अरूण खलखो ने थाना माना कैंप में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया।

पुलिस ने शिकायत एवं प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी आरक्षक के विरुद्ध धारा 420, 468 एवं 409 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया।

मामले में अब पुलिस ने कथित वित्तीय अनियमितता, वेतन पर्चियों में छेड़छाड़ तथा बैंक खातों में राशि के हस्तांतरण से जुड़े पहलुओं की जांच की जाएगी।


अन्य पोस्ट