रायपुर

27 हजार बूथों में भाजपा के किसान मितान
05-Nov-2026 9:12 PM
27 हजार बूथों में भाजपा के किसान मितान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 नवंबर। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने आज यहां कहा कि संगठन मोर्चा के विस्तार पर काम कर रहा है। मोर्चा प्रदेश के 27 हजार बूथों पर किसान मितान समूह का गठन करेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए केंद्र सरकार ने क?ई योजनाएं बनाई हैं।वहीं छत्तीसगढ़ सरकार भी भाजपा के घोषणा पत्र के अनुरूप किसानों की मजबूती के लिए काम कर रही है। सरकार किसानों का धान खरीद रही है और कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण यानी क्रॉप डाइवर्सिटी को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में कई चुनौतियां हैं। किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। किसान मितान योजना के जरिए  किसानों की जमीनी समस्याओं और वास्तविक स्थिति की जानकारी सरकार तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसान अच्छे से अपनी खेती कर सकें, इसके लिए किसान मितान की व्यवस्था तैयार की गई है। 27 हजार बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से किसानों और सरकार के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा।

धान खरीदी में अंतर की राशि को लेकर किसानों की मांग पर  गुर्जर ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में किसानों को आदान सहायता के रूप में राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसी भी किसान की राशि बकाया नहीं रखेंगे।अंतर राशि को लेकर किसानों की मांग को  मोर्चा सरकार के सामने रखेगा।

गुर्जर ने ठाकरे परिसर में किसान मितान कार्यशाला को संबोधित किया। इसमें मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय प्रदेश अध्यक्ष  किरण देव प्रदेश संगठन महामंत्री  कर्मवीर सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष  आलोक सिंह ठाकुर सहित  मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट