रायपुर
जगदलपुर, 4 नवंबर। जगदलपुर शहर के बाफना लाइफ स्टाइल कपड़ा दुकान की छत पर 21 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच तेज कर दी है।
मृतिका की पहचान दीपा सागर जगदलपुर के रूप में हुई है। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए उसकी लिखावट और विषयवस्तु की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवती की मौत के कारणों को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दीपा सागर 1 नवंबर को रोजाना की तरह दुकान में काम करने पहुंची थी। शाम करीब 6 से 6.30 बजे के बीच वह अचानक दुकान से कहीं चली गई। अगले दिन 2 नवंबर को दुकान में साफ-सफाई करने वाली महिला कर्मचारी झाड़ू-पोछा लेने छत पर पहुंची, जहां युवती का शव मृत अवस्था में पड़ा मिला। शव देखते ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में घटनास्थल और शव का बारीकी से निरीक्षण किया गया। महिला पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल भेजा गया।
इस मामले में मृतिका से प्राप्त सुसाइड नोट को जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है।
पुलिस नोट की लिखावट, उसमें लिखी बातों और उससे जुड़े अन्य तथ्यों का परीक्षण एवं सत्यापन कर रही है। थाना कोतवाली में मर्ग क्रमांक 70/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।