रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 नवंबर। राजधानी में बीती रात दो जगहों पर चोरी की वारदातें सामने आई है। चोरों ने एक कार, दो लैपटॉप और नकदी समेत ई-रिक्शा पार कर दिया। दोनों मामलों में वाहन मालिकों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। चोरी गए सामान कीमत 3.20 लाख रुपये बताई गई है।
खमतराई के बंजारी नगर रावांभाठा के रहने वाले मनीष अपने घर में च्वाइस सेंटर संचालित करता है। उसने अपनी कार को घर के सामने खड़ी किया था। 2 नवंबर की रात करीब 11 बजे च्वाइस सेंटर बंद कर ताला लगाने के बाद वह घर चला गया। दूसरे दिन सुबह करीब 6 बजे उसने घर के बाहर आकर देखा तो खड़ी गायब थीं। च्वाइस सेंटर के अंदर जाकर देखा तो उसका ताला भी टूटा हुआ था। जांच में पता चला कि चोर दुकान में रखे दो लैपटॉप, बैग, दो मार्कर, एक मैटर, एक जीपीएस डिवाइस और 30 हजार रुपये नकद भी ले गए। चोरी गए सामान की कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
दूसरी घटना भाठागांव स्थित शराब दुकान के सामने की है। पुरानी बस्ती के शीतला विहार कॉलोनी, अमलेश्वर निवासी लव कुमार ने बताया कि 1 नवंबर को सुबह करीब 10.30 बजे वह अपने ई-रिक्शा से भाठागांव अंग्रेजी शराब दुकान के पास गया था। ई-रिक्शा को दुकान के सामने लॉक करके खड़ा करने के बाद शराब लेने चले गए। आधे घंटे बाद वापस लौटने पर उसकी ई-रिक्शा गायब था।