रायपुर

छत्तीसगढ़ को फिल्म शूटिंग का बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी
04-Nov-2026 5:46 PM
छत्तीसगढ़ को फिल्म शूटिंग का बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी

फिल्म नीति होगी अपडेट

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 4 नवंबर। छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए राज्य की मौजूदा फिल्म नीति को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने के साथ बहुप्रतीक्षित चित्रोत्पला फिल्म सिटी के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।

मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में फिल्म निर्माण और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रदेशभर में फिल्म शूटिंग के लिए उपयुक्त नए स्थलों की पहचान कर उन्हें विकसित और प्रचारित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कहा गया कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थल फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। फिल्म शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया।

सरकार का मानना है कि फिल्म निर्माण गतिविधियां बढऩे से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, होटल उद्योग और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बैठक में निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं एवं प्रशिक्षण के विस्तार पर भी चर्चा हुई।

बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट