रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 नवंबर। पुराना विधानसभा थाना में दर्ज रेप के एक मामले में अदालत ने आरोपी को कठोर सजा सुनाई है। फैसला अपर सत्र फास्ट ट्रैक कोर्ट विनय कुमार प्रधान की अदालत में दी गई। आरोपी कृष्णा यादव को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड दिया गया। वहीं, पीडि़ता को धमकी देने के मामले में भी जेल हुआ। अभियोजन के मुताबिक घटना अक्टूबर 2024 की है। आरोपी कृष्णा यादव 33 ग्राम दोंदेखुर्द थाना विधानसभा का निवासी है। पीडि़ता पति की मृत्यु के बाद किराना दुकान में काम करती थी और वहीं रहती थी। उसके दोनों बच्चे नशामुक्ति केंद्र में भर्ती थे। इसी बीच 15 अक्टूबर 2024 की रात 12 से 12.30 बजे के बीच आरोपी किराना दुकान स्थित उसके कमरे में पहुंचा और उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीडि़ता ने डर के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। इसके बाद 30 अक्टूबर 2024 की रात आरोपी दोबारा उसके घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाने लगा। दरवाजा नहीं खोलने पर उसने फिर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीडि़ता ने दूसरे दिन पुराना विधानसभा थाना जाकर इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 64, 296 , 351(2) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान अदालत में पीडि़ता का बयान दर्ज कराया गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश किया। मामले में अतिरिक्त लोक अभियोजक सुश्री विजयश्री बिसेन ने पैरवी की, जबकि आरोपी की ओर से अधिवक्ता गजेंद्र सोनकर ने पक्ष रखा।
दोनों पक्षों को सुनने और प्रकरण के साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को धारा 64(1) के तहत दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष का सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं धारा 351(2) के तहत एक वर्ष का सश्रम कारावास दिया गया।