रायपुर

बच्चों के विवाद में दो महिलाएं आपस में भिड़ी, बदला लेने मारपीट भी
03-Nov-2026 6:17 PM
बच्चों के विवाद में दो महिलाएं आपस में भिड़ी, बदला लेने मारपीट भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 नवंबर। खम्हारडी और मंदिर हसौद इलाकों में कल रात मारपीट की तीन घटनाएं सामने आई है। इनमें बच्चों के बीच झगड़े को लेकर दो परिवार आपस में भिड़ गए। वहीं पुरानी रंजिश में दो युवकों के साथ मारपीट और मंदिर हसौद में दुकान पर गुटखा खरीदने पहुंचे युवकों ने दुकानदार के बेटे के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले हैं।

खम्हारडीह पुलिस के मुताबिक पीडि़ता सावित्री ने पुलिस को बताया कि वह घरों में झाड़ू-पोंछा का काम करती हैं। 30 की शाम उनके बेटे शिवम साहू और आरती के बेटे के बीच खेल के दौरान विवाद हो गया । इसी बात को लेकर रात आरती की बहन जागो, आरती के बेटे को लेकर उनके घर पहुंची और शिवम पर मारपीट करने का आरोप लगाने लगी। आरती और उसकी बहन ज्योति वहां पहुंचीं और गाली-गलौज करने लगीं। ज्योति ने उनके बाल पकडक़र खींचे, जबकि आरती ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया।

दूसरी घटना मंदिर हसौद के ग्राम चंदखुरी की है। निखिल ने शिकायत में बताया कि 2 की रात 10.30 बजे वह गुटखा लेने गांव के किराना दुकान पर गया था। इसी दौरान ठाकुर देव चौक पर गिरधारी धीवर मिला और पुराने बात को लेकर विवाद करने लगा। गिरधारी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से निखिल की पिटाई कर दी। साथ ही उसने जान से मारने की धमकी भी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे गांव के देसु वर्मा के साथ भी गिरधारी और संतोष धीवर ने मिलकर मारपीट की। आरोपियों ने निखिल की बाइक भी गिरा दी। मारपीट में निखिल के चहरे और नाक और दाहिने कान में चोट आई। वहीं देसु वर्मा भी चोटें आई।

एक अन्य घटना मंदिर हसौद रेलवे क्रॉसिंग के पास नवीन चौक की है। कमलेश्वरी ने पुलिस को बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के पास उनका किराना और चाय का दुकान है। 2 की रात 10 बजे उनका बेटा मानस निर्मलकर दुकान पर बैठा था। इसी दौरान ग्राम नकटा निवासी तिलक बघेल और मंदिर हसौद निवासी कुंदन जोगी दुकान पर गुटखा खरीदने पहुंचे। दोनों दुकान में खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे थे। जिसे मानस के मना करने पर दोनों ने मां-बहन की गालियां दे हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की है।


अन्य पोस्ट