रायपुर

विकास कार्यों की रफ्तार सुस्त; महापौर ने अफसरों पर जताई नाराजगी
03-Nov-2026 6:12 PM
 विकास कार्यों की रफ्तार सुस्त; महापौर ने अफसरों पर जताई नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 नवंबर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने निगम विद्युत विभाग एवं सभी 10 जोनों के अधिकारियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि दीपावली से पूर्व प्रत्येक वार्ड एवं प्रमुख मार्गों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समीक्षा में सामने आया कि सभी 10 जोनों को स्ट्रीट लाइटें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, लेकिन कुछ जोनों में स्थापना का कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है। वहीं, कुछ जोनों में लाइट लगाने के लिए कर्मचारियों की कमी का विषय सामने रखा गया।

इस पर महापौर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब शासन द्वारा राशि उपलब्ध करा दी गई है और लाइटें जोनों तक पहुंच चुकी हैं, तो उनका उपयोग नहीं होना समझ से परे है। कर्मचारियों की कमी का हवाला देकर कार्यों को लंबित रखना उचित नहीं है। सभी जोन अधिकारी तत्काल टीमें गठित कर वार्डवार अभियान चलाएं और दीपावली से पूर्व सभी स्वीकृत लाइटें स्थापित करना सुनिश्चित करें।

नगर निगम क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं युवाओं को बेहतर खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नौ खेल मैदानों के विकास के लिए कुल 589.91 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। लेकिन समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि अब तक केवल चार खेल मैदानों में ही कार्य हुआ है,जबकि शेष मैदानों के कार्य विभिन्न विवादों एवं प्रक्रियागत अड़चनों के कारण लंबित हैं।

महापौर ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शासन द्वारा जनहित में राशि स्वीकृत किए जाने के बाद भी विकास कार्यों का समय पर प्रारंभ नहीं होना चिंताजनक है। अधिकारियों को चाहिए कि वे विवादों एवं अड़चनों का समयबद्ध निराकरण कर शेष कार्यों को भी गति दें। विकास के लिए उपलब्ध राशि का लाभ नागरिकों को मिलना चाहिए, न कि फाइलों और विवादों में कार्य उलझे रहें।

महापौर ने कहा कि शासन द्वारा राजधानी के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर राशि उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में स्वीकृत राशि का समय पर उपयोग नहीं होना और विकास कार्यों का लंबित रहना गंभीर विषय है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता दें, अनावश्यक देरी से बचें और कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूर्ण कराएं।

सभी 10 जोनों को उपलब्ध कराई गईं 1,978 स्ट्रीट लाइटें

अधोसंरचना मद एवं नगर निगम सामान्य निधि के अंतर्गत सभी 10 जोनों के 70 वार्डों के लिए कुल 1,978 स्ट्रीट लाइट सेट उपलब्ध कराए गए हैं।


अन्य पोस्ट