रायपुर

दुकान से 80 हजार का कॉपर पाइप, महिला की स्कूटी पार
01-Nov-2026 8:30 PM
दुकान से 80 हजार का कॉपर पाइप, महिला की स्कूटी पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 नवंबर। राजधानी रायपुर में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। टिकरापारा थाना क्षेत्र में चोरों ने दुकान की छत से प्रवेश कर करीब 80 हजार रुपये कीमत का कॉपर पाइप चोरी कर लिया। वहीं, न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर गई युवती की होंडा एक्टिवा चोरी हो गई। दोनों मामलों में पीडि़तों ने पुलिस से शिकायत की है। छत की जाली काटकर दुकान में घुसे चोर, 100 किलो कॉपर पाइप ले गए

टिकरापारा थाना क्षेत्र के एमजी रोड जवाहर नगर स्थित अरहम रेफ्रिजरेशन्स दुकान में चोरी की वारदात हुई। दुकान संचालक ने अपने मामा बजरंग पिंचा के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। दुकान में एसी मशीन, एसी वायर और कॉपर पाइप सहित अन्य सामान की बिक्री की जाती है।

पीडि़त के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सामान का ऑर्डर मिलने पर स्टॉक की जांच की गई। इस दौरान करीब 100 किलोग्राम कॉपर पाइप गायब मिला, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि 21 और 22 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच चार अज्ञात व्यक्ति दुकान में घुसे थे। आरोपी पीछे की तरफ से छत पर चढ़े और खिडक़ी की जाली काटकर दुकान के अंदर घुसे। इसके बाद वे कॉपर पाइप चोरी कर फरार हो गए। पीडि़त ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।

दूसरी घटना न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है। अमलीडीह के महावीर नगर स्थित सांई ड्रीम्स में परिवार के साथ रहने वाली युवती की होंडा एक्टिवा चोरी हो गई। युवती इंटरनेशनल स्टूडेंट काउंसिल में नौकरी करती है और आने-जाने के लिए अपनी मां के नाम पर पंजीकृत एक्टिवा का इस्तेमाल करती थी।

युवती के अनुसार, 21 की सुबह करीब 8 बजे वह एक्टिवा को चंद्रा स्फिंक्स कॉम्प्लेक्स, कैनाल रोड, रिंग रोड नंबर-1 के पास पीडब्ल्यूडी ब्रिज और मिनर्वा होटल के नजदीक हैंडल लॉक करके खड़ी कर ड्यूटी पर चली गई थी। शाम करीब 6:50 बजे वापस लौटी तो वाहन वहां से गायब था।

 


अन्य पोस्ट