रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 नवंबर। दीपावली से पहले जिला अदालत ने तीन गंभीर मामलों में फैसला सुनाया है। हत्या, नाबालिग से रेप के मामलों में अदालत ने आरोपियों को दोषी करार दिया। गोलबाजार में चार साल पहले हुए भोला तांडी हत्याकांड में आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई, वहीं खम्हारडीह क्षेत्र में नाबालिग बालिका से रेप में आरोपी को 20 साल सश्रम कारावास से दंडित किया गया। इसके अलावा उरला में ट्रक से 40.545 किलोग्राम गांजा बरामद होने के मामले में आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषी ठहराया गया।
खम्हारडीह थाना क्षेत्र में नौ माह पहले हुई घटना के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश एवं तृतीय फास्ट ट्रैक विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) अनिता ध्रुव की अदालत ने आरोपी अजय जॉन उर्फ अजय आर्य को दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) की धारा 5(ड)/6 के तहत 20 वर्ष का सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड दिया है। अर्थदंड नहीं चुकाने पर एक माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार, घटना 1-2 फरवरी की है। आरोपी पीडि़ता के मोहल्ले में ही रहता था और नाते में नाबालिग का मुंहबोला भाई है। इसी के कारण बालिका उसके घर खेलने चली गई थी। आरोपी ने इसी दौरान उसके साथ लैंगिक अपराध किया। दूसरे दिन भी आरोपी ने बालिका के साथ अश्लील हरकत की और किसी को बताने पर चाकू से मारने की धमकी दी।
3 फरवरी को बालिका ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद खम्हारडीह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपी के खिलाफ अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। पीडि़ता की गवाही सहित अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। न्यायालय ने पीडि़ता की उम्र अभियोजन के साक्ष्यों को के आधार पर आरोपी को दोषसिद्ध किया।