रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 अक्टूबर। राज्योत्सव और दीपावली के मद्देनजर पुलिस सघन जांच अभियान शुरू किया है। जो आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। कल रात शहर के नॉर्थ, सेंट्रल एवं वेस्ट जोन के थाना क्षेत्रों में 36 चिन्हित स्थानों पर शाम 7 से 10 बजे नाकेबंदी कर वाहनों में संदिग्ध वस्तुओं और सवारों से पूछताछ की। ड्रंक एण्ड ड्राइव को लेकर सभी ड्राइवरो और सवारों की ब्रीथएनालाइजर से टेस्ट किया गया।
नो एंट्री टाइम में प्रवेश पर 27 आटो पर कार्रवाई
दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस ने भी प्रतिबंधित मार्ग एवं नो एंट्री टाइम में प्रवेश करने वाले ऑटो- ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की। पुलिस ने शास्त्री चौक के चारों ओर स्थित प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा एवं मैजिक यात्री वाहनों का आवागमन प्रात: 5 बजे से रात्रि 12 बजे तक प्रतिबंधित किया हुआ है।
इनमें जयस्तंभ चौक की ओर से आने वाले वाहन-बांबे मार्केट टर्निंग से। रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहन- मरहीमाता चौक से। महिला थाना की ओर से आने वाले वाहन : बंजारी चौक से। कलेक्ट्रेट चौक की ओर से आने वाले वाहन- कलेक्ट्रेट चौक से। वैकल्पिक मार्ग -बंजारी चौक से बांबे मार्केट टर्निंग, रजबंधा मैदान, मरहीमाता चौक, खालसा स्कूल तिराहा, खजाना चौक एवं राजभवन चौक होकर आवागमन किया जा सकता है। बीते दो दिनों से शास्त्री चौक एवं घड़ी चौक पर चेकिंग की गई। इस दौरान 27 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की गई।