रायपुर

आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में 2 और 3 नवंबर को देशव्यापी हड़ताल
30-Oct-2026 7:16 PM
आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में 2 और 3 नवंबर को देशव्यापी हड़ताल

बीमा कर्मचारी भी करेंगे प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 अक्टूबर। आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त मंच ने 2 और 3 नवंबर को दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल के समर्थन में बीमा कर्मचारी भी 2 नवंबर को देशभर में प्रदर्शन करेंगे।

ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉइज एसोसिएशन (एआईआईईए) ने भारत सरकार और एलआईसी की आईडीबीआई बैंक में संयुक्त 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को बेचने के फैसले का विरोध किया है। संगठन के अध्यक्ष धर्मराज महापात्र और महासचिव श्रीकांत मिश्रा ने बयान जारी कर इस निर्णय को देश के वित्तीय क्षेत्र और आर्थिक संप्रभुता के लिए नुकसानदायक बताया है।

संगठन का कहना है कि आईडीबीआई बैंक लगातार मुनाफा कमा रहा है और उसके वित्तीय एवं परिचालन मानकों में सुधार हुआ है। ऐसे में निजीकरण का कोई बाध्यकारी आर्थिक या संस्थागत औचित्य नजर नहीं आता। एआईआईईए ने आरोप लगाया कि सरकार का यह फैसला चालू वित्तीय वर्ष के 80 हजार करोड़ रुपये के विनिवेश लक्ष्य को पूरा करने की मंशा से प्रेरित है।


अन्य पोस्ट