रायपुर

महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी अपर्याप्त-झा
30-Oct-2026 7:16 PM
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी अपर्याप्त-झा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 अक्टूबर। महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई दर नवंबर से लागू करने के राज्य सरकार के फैसले पर कर्मचारी और पेंशनर संगठनों ने नाराजगी जताई है। छत्तीसगढ़ पेंशनर्स एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि सरकार ने 10 माह का महंगाई भत्ता रोक लिया है। संगठन ने आदेश में संशोधन कर 1 जनवरी 2026 से बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और महंगाई राहत देने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर राज्योत्सव के बहिष्कार की चेतावनी दी है।

एसोसिएशन के जिला संयोजक विजय कुमार झा ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को केंद्रीय कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता देने की गारंटी दी थी। इसके बावजूद राज्य सरकार केंद्र के निर्णय से अलग अपनी सुविधानुसार महंगाई भत्ते में वृद्धि कर रही है। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग ने दो प्रतिशत महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से देय घोषित किया है, लेकिन भुगतान 1 नवंबर 2026 से करने का आदेश जारी किया है। इससे कर्मचारियों और पेंशनरों को जनवरी से अक्टूबर तक के बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ नहीं मिलेगा।

झा ने बताया कि केंद्र सरकार ने दीपावली के दौरान तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाकर केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता और महंगाई राहत 65 प्रतिशत कर दिया है। वहीं, राज्य सरकार की हालिया दो प्रतिशत वृद्धि के बाद छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 से बढक़र 62 प्रतिशत होगा।

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पीआर यादव, जिला अध्यक्ष पंकज नायक, महामंत्री उमेश मुदलियार सहित अन्य पदाधिकारियों ने सरकार से आदेश संशोधित कर 1 जनवरी 2026 से दो प्रतिशत और 1 जुलाई 2026 से तीन प्रतिशत वृद्धि का लाभ देने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर राज्योत्सव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।


अन्य पोस्ट