रायपुर
डायरेक्टर के मोबाइल नम्बर और आईडी का दुरूपयोग कर अकाउंटेंट को भेजा मैसेज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अक्टूबर। व्हाट्सअप पर फर्जी मैसेज भेज कंपनी के 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले मेें खम्हारडीह पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
वॉयटीएम इंडिया मार्केटिंग प्राइवेट लिमटेड केडायरेक्टर अशोक कुमार साहू ने बताया कि वह अपने भाई कमल नारायण साहू के साथ कंपनी का संचालन करते हैं। कंपनी के अकाउंटेंट विवेक देवांगन को 26 अक्टूबर को दोपहर करीब 3.20 बजे कमल नारायण साहू के नाम से एक मैसेज आया था। मैसेज में लाइफ क्राफ्ट टेक्रालाजी के खाता में 20 लाख रूपए का का ट्रासफर करने का मैसेज आया था।
मैसेज कंपनी के डायरेक्टर के नाम से था। इस कारण अकाउंटेंट ने मैसेज पर भरोसा कर बताए गए बैंक खाते में 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब भुगतान की जानकारी कंपनी के व्हाट्सअप ग्रुप में शेयर किया गया, तब डायरेक्टर कमल नारायण साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि उसने किसी भी प्रकार का कोई भुगतान निर्देश नहीं दिए हैं। तब कंपनी को धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद कमल नारायण साहू ने इसकी श्किायत खम्हारडीह थाना में दर्ज कराई। उसने आशंका जताई है कि अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सअप अकाउंट और कंपनी के डायरेक्टर की पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी मैसेज भेजा और रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर करा ली।
घटना के संबंध में साइबर क्राइम कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। कंपनी की ओर से बैंक खाते की जांच, धोखाधड़ी की रकम फ्रीज कराने की मांग की है। खम्हारडीह पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) का मामला दर्ज किया है।