रायपुर
धान खरीदी से लेकर अल्पकालीन ऋण वितरण तक बैंक ने दर्ज की वृद्धि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अक्टूबर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर की सीईओ अपेक्षा व्यास का प्रशासनिक व्यवस्था के तहत अपेक्स बैंक स्थानांतरण किया गया है। उनके कार्यकाल में बैंक ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में लगातार 216-216 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया। बैंक की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उनके कार्यकाल के दौरान बैंक की वित्तीय स्थिति और विभिन्न गतिविधियों में हुई वृद्धि का उल्लेख किया गया है।
वर्ष 2025-26 में बैंक के अधीनस्थ सहकारी समितियों के माध्यम से 37.36 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान का उपार्जन किया गया। इसके एवज में समर्थन मूल्य के तहत किसानों को 8,854 करोड़ रुपये और कृषक उन्नति योजना के तहत 2,729 करोड़ रुपये, कुल 11,583 करोड़ रुपये का भुगतान बैंक के माध्यम से किया गया। इसी अवधि में बैंक ने 2,200 करोड़ रुपये का अल्पकालीन ऋण वितरित किया, जो प्रदेश में सर्वाधिक बताया गया है। बैंक ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के लिए 12 प्राथमिक सहकारी समितियों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र शुरू किए। ऋणी किसानों की सुविधा के लिए प्राथमिक समितियों में माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराए गए। बैंक के अनुसार, एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच 74,279 सदस्यों ने माइक्रो एटीएम के जरिए 66.61 करोड़ रुपये का लेन-देन किया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा।
समितियों के कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, आधार, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बिजली बिल भुगतान, रेल एवं हवाई टिकट और होटल बुकिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सेवाओं के माध्यम से 257 लाख रुपये का लेन-देन हुआ। 31 मार्च 2026 की स्थिति में बैंक की कार्यशील पूंजी 8,600 करोड़ रुपये से अधिक और कुल जमा अमानतें 6,971 करोड़ रुपये से अधिक रहीं। बैंक ने इन उपलब्धियों को अपेक्षा व्यास के कार्यकाल में हुई प्रगति का परिणाम बताया है।