रायपुर

राज्योत्सव में 2 को सारंग टीम का एयर शो, पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे करतब
28-Oct-2026 7:04 PM
राज्योत्सव में 2 को सारंग टीम का एयर शो, पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे करतब

दो महिला पायलट भी होंगी शामिल, सुबह 11 बजे से नवा रायपुर के सेंध लेक में होगा प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 अक्टूबर। राज्योत्सव में 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में रोमांचक करतब दिखाएंगे। सीएम विष्णुदेव साय से बुधवार को सारंग टीम के सदस्यों ने उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट शामिल हैं। प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ान, आकर्षक संरचनाएं और साहसिक हवाई करतब देखने को मिलेंगे। टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के माध्यम से अपनी उड़ान क्षमता का प्रदर्शन करेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी होगा। इससे उनमें देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिला पायलटों की भागीदारी प्रदेश की बेटियों को भी आगे बढऩे और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कहा कि राज्योत्सव में शामिल होना टीम के लिए गर्व की बात है। सारंग टीम देश-विदेश में अपने प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायु सेना के कौशल और उत्कृष्टता का परिचय देती रही है। उन्होंने बताया कि इस तरह के हवाई प्रदर्शन में पायलटों के बीच सटीक समन्वय, निरंतर अभ्यास और उच्चस्तरीय तकनीकी दक्षता जरूरी होती है।

सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। टीम अपने विशेष हवाई प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता और स्वदेशी विमानन तकनीक का परिचय देती है। राज्योत्सव में यह एयर शो प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट