रायपुर

अर्नब की वजह से बस्तर से रायपुर तक बारिश बदली और ठंडक
28-Oct-2026 7:04 PM
अर्नब की वजह से बस्तर से रायपुर तक बारिश बदली और ठंडक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ आज तडक़े आंध्र और ओडि़शा के तट से टकरा गया है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम बदल गया है।  बस्तर में जहां बारिश होने लगी है वहीं रायपुर में भी हल्की बारिश से बादलों का डेरा बना हुआ है।

समुद्र से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है।  मौसम विभाग ने आज और कल  प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम की गंभीरता को देखते हुए कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किए गए हैं। वहीं, विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला कलेक्टरों ने कुछ जिलों में स्कूल बंद रखने का निर्णय भी लिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 से  90 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।

बुधवार को इन जिलों में अलर्ट

रेड अलर्ट-बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव।

ऑरेंज अलर्ट- कांकेर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़।

येलो अलर्ट-सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा और नारायणपुर।

 गुरुवार को उत्तर  छत्तीसगढ़ में अलर्ट: रेड अलर्ट-कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और बलरामपुर।

ऑरेंज अलर्ट- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा और जांजगीर-चांपा। येलो अलर्ट-सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर।


अन्य पोस्ट