रायपुर

चिकित्सकों से किया वादा भूली सरकार, एमडी, एमएस के लिए जमीन गिरवी रखने की मजबूरी
28-Oct-2026 7:01 PM
चिकित्सकों से किया वादा भूली सरकार, एमडी, एमएस  के लिए  जमीन गिरवी रखने की मजबूरी

सीजीडीएफ ने आदेश वापस लेने की मांग की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में चिकित्सकों को उच्च शिक्षा के लिए जमीन एवं संपत्ति गिरवी रखने की बाध्यता से राहत देने के आश्वासन के बावजूद, इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। सरकार द्वारा इस नियम को समाप्त करने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के हालिया दस्तावेजों में अब भी चिकित्सकों के उच्च अध्ययन से संबंधित प्रकरणों में जमीन बंधक रखने का उल्लेख सामने आया है। सीजीडीएफ अध्यक्ष डा हीरा सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के  पत्र में उच्च अध्ययन हेतु अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण-पत्र से संबंधित चिकित्सकों के प्रकरणों के साथ जमीन बंधक रखने की शर्त का उल्लेख है। इससे यह सवाल उठता है कि जब सरकार ने चिकित्सकों को राहत देने का आश्वासन दिया था, तो फिर इस बाध्यता को समाप्त करने के लिए अब तक प्रभावी निर्णय क्यों नहीं लिया गया? उच्च शिक्षा के लिए चिकित्सकों को अपने घर और पैतृक संपत्ति को जोखिम में डालने के लिए मजबूर करना कितना उचित है? चिकित्सक वर्षों की मेहनत से विशेषज्ञता हासिल करते हैं, ताकि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा सके। ऐसे में उच्च शिक्षा की प्रक्रिया को आसान बनाने के बजाय संपत्ति गिरवी रखने जैसी शर्तों का बोझ चिकित्सकों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का कारण बन सकता है।सरकार को चाहिए कि वह अपने आश्वासन को शीघ्र अमल में लाए और चिकित्सकों की उच्च शिक्षा के लिए जमीन एवं संपत्ति गिरवी रखने की बाध्यता समाप्त करने के संबंध में स्पष्ट आदेश जारी करे।


अन्य पोस्ट