रायपुर

बैगा बच्चों की मौत पर बैज ने सरकार को घेरा, 10 लाख मुआवजे की मांग
28-Oct-2026 6:49 PM
बैगा बच्चों की मौत पर बैज ने सरकार को घेरा, 10 लाख मुआवजे की मांग

धान का दाम 3358 रुपए क्विंटल करने और बकाया भुगतान दीपावली से पहले देने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कवर्धा जिले के रेंगाखार क्षेत्र में कुपोषण और एनीमिया से बैगा जनजाति के पांच बच्चों की मौत को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों को 10 लाख रुपए मुआवजा देने और प्रभावित गांव में कुपोषण पुनर्वास केंद्र खोलने की मांग की है। बैज ने आरोप लगाया कि पिछले साल मलेरिया और डायरिया से मौतों के बाद भी क्षेत्र में बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि कुपोषण, एनीमिया और दूषित पेयजल की समस्या से ग्रामीण जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और सरकार के मंत्री अब तक वहां नहीं पहुंचे हैं।

बैज ने बताया कि उन्होंने आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव और स्थानीय नेताओं के साथ रेंगाखार के नंदनी कुमान गांव तथा बोडला उप स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। उनके मुताबिक, कुपोषण और एनीमिया से प्रभावित 13 बच्चे बोडला स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं, जबकि 10 से अधिक बच्चे गांव में ही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में साफ पेयजल की व्यवस्था नहीं है और टीकाकरण भी ठीक से नहीं हुआ है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से प्रभावित बच्चों का समुचित इलाज कराने और गांव में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने धान खरीदी में प्रति एकड़ के हिसाब से आदान सहायता देने के कैबिनेट के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया था। अब एकमुश्त भुगतान के बजाय आदान सहायता की गणना प्रति एकड़ के आधार पर करने की बात कही जा रही है। बैज ने आरोप लगाया कि इससे किसानों को उनके पूरे हक की राशि नहीं मिल पाएगी। उन्होंने सरकार से पूछा कि प्रति क्विंटल भुगतान के वादे को प्रति एकड़ की गणना में क्यों बदला जा रहा है।

बैज ने मांग की कि धान का भुगतान 3358 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किया जाए। उनका कहना है कि पिछले तीन साल में समर्थन मूल्य में कुल 258 रुपए की वृद्धि हुई है, इसलिए 3100 रुपए में इसे जोडक़र किसानों को 3358 रुपए प्रति क्विंटल मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी समर्थन मूल्य बढऩे पर धान का खरीदी मूल्य बढ़ाया गया था। बैज ने समर्थन मूल्य और राज्य की आदान सहायता के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्ष 2023-24 में 2183 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के मुकाबले राज्य सरकार 917 रुपए प्रति क्विंटल आदान सहायता देती थी। वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य 2300 रुपए होने पर सहायता घटकर 800 रुपए, वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य 2369 रुपए होने पर 731 रुपए और वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य 2441 रुपए होने पर सहायता घटकर 659 रुपए प्रति क्विंटल रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन साल में आदान सहायता में 258 रुपए प्रति क्विंटल की कमी हुई है। उनके मुताबिक, 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से यह अंतर 5418 रुपए प्रति एकड़ होता है। कांग्रेस ने मांग की है कि किसानों को 3358 रुपए प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्त भुगतान किया जाए। सभी ग्राम पंचायतों में नकद भुगतान केंद्र खोले जाएं, ताकि धान बेचने के तुरंत बाद किसानों को राशि मिल सके। बैज ने पंजीकृत किसानों से पूरे रकबे के हिसाब से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने, जबरन रकबा समर्पण बंद करने और फर्जी गिरदावरी के आधार पर खरीदी की सीमा कम नहीं करने की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होनी है, जबकि दीपावली उससे एक सप्ताह पहले है। ऐसे में पंजीकृत किसानों को त्योहार से पहले अग्रिम भुगतान किया जाना चाहिए। बैज ने पिछले बकाये और समर्थन मूल्य में वृद्धि की राशि सहित कुल 6066 करोड़ रुपए का भुगतान दीपावली से पहले करने की मांग की।

दिल्ली की रैली में शामिल होंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

बैज ने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित होगी। इसमें छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता ट्रेन, बस, विमान और निजी वाहनों से दिल्ली जाएंगे। कांग्रेस की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को निरस्त करने और हटाए गए मतदाताओं के नाम बहाल करने की है। बैज ने कहा कि इन मांगों को लेकर पार्टी का आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट