रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अक्टूबर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में वार्षिक खेल समारोह ‘एनिग्मा 9.0’ के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में विशिष्ट अतिथि डॉ. सुबीर मुखर्जी तथा विशेष अतिथि डॉ. माणिक चटर्जी उपस्थित थे। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी एवं अम्बेडकर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कार्यक्रम की मेजबानी की। आयोजन में स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष डॉ. एसबीएस नेताम, स्पोर्ट्स कमेटी के अध्यक्ष डॉ. विवेक पात्रे तथा सह-अध्यक्ष डॉ. प्रदीप चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खेल समिति में डॉ. राजेंद्र अहिरे, डॉ. करिश्मा सिंह, डॉ. कुशल चक्रवर्ती और डॉ. नागेंद्र सिंह सोनवानी शामिल थे। वहीं, छात्र समिति की ओर से स्पोर्ट्स सेक्रेटरी सुश्री अर्चिकांगे एवं श्री आलोक राज चेल्के ने आयोजन संबंधी जिम्मेदारियों को संभाला।
प्रतियोगिताओं के परिणामों के अनुसार, शतरंज में छात्र वर्ग में अभिषेक राजवाड़े तथा छात्रा वर्ग में डॉ. हिमानी बंजारे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टेबल टेनिस के पुरुष एकल वर्ग में डॉ. मनीष साहू और महिला एकल वर्ग में डॉ. मनीषा टोप्पो विजेता रहे। कैरम के महिला एकल वर्ग में डॉ. हर्षिता तलांडी तथा पुरुष एकल वर्ग में डॉ. वैभव साहू ने जीत हासिल की।
बैडमिंटन के पुरुष एकल वर्ग में डॉ. आदित्य जैन विजेता रहे। एथलेटिक्स में 100 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में कर्णिक ठाकुर और महिला वर्ग में गरिमा दर्रो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शॉटपुट के महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल, डिस्कस थ्रो के महिला वर्ग में भी डॉ. जयलता बघेल तथा लॉन्ग जंप के महिला वर्ग में वर्षा बघेल ने बाजी मारी। जेवलिन थ्रो के पुरुष वर्ग में डॉ. श्रवण कुमार पैकरा और महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल विजेता रहीं।
टीम स्पर्धाओं में भी दिखा उत्साह
टीम स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने खेल भावना और सामूहिक प्रयास का परिचय दिया। फुटबॉल के पुरुष वर्ग में 2022 बैच की टीम ए विजेता रही। बास्केटबॉल के पुरुष वर्ग में 2022 बैच तथा महिला वर्ग में 2021 बैच ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी के पुरुष एवं महिला वर्ग में 2022 बैच की टीमों ने जीत दर्ज की।
क्रिकेट के पुरुष वर्ग में 2022 बैच और महिला वर्ग में 2021 बैच विजेता रहा। वॉलीबॉल के पुरुष एवं महिला वर्ग में 2021 बैच की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि श्री अमित कटारिया ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. के. के. साहू एवं डॉ. कुशल चक्रवर्ती ने किया।