रायपुर

चाकूबाजी की दो वारदातों में तीन युवक गंभीर
26-Oct-2026 7:29 PM
चाकूबाजी की दो वारदातों में तीन युवक गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 अक्टूबर। चाकूबाजी की दो अलग-अलग वारदातों में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं ।

पहली घटना  डीडी नगर थाना क्षेत्र के  कुशालपुर इलाके की है। कल  रात के करीब 11 बजे पेट्रोल पंप के पास अंधेरे में हुई।। जहां, 5 से 6 हमलावरों ने  रूपांशों नाम युवक को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। उसके सीने, कंधे, पैर और कमर के निचले हिस्से में गंभीर घाव आए हैं।  गंभीर हालत में उसे तुरंत गायत्री हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका आपातकालीन ऑपरेशन किया है। फिलहाल उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

 पुलिस अभी तक हमलावरों की पहचान और इस खौफनाक हमले के पीछे की मुख्य वजह का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं कर पाई है।

दूसरी घटना सड्डू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-8  स्थित डॉ. बीआर भगत के घर के सामने  हुई। संदीप मौर्य अपने दो दोस्तों मनीष चौधरी और एस. रवि के साथ बाइक से जा रहा था।रास्ते में सफेद रंग की स्कूटी पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक के ठीक आगे अपनी स्कूटी अड़ा दी और रास्ता रोक लिया। रुकते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक हमलावर ने मनीष को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद सफेद शर्ट-पैंट पहने एक आरोपी ने अचानक धारदार चाकू निकाला और सीधा एस. रवि के पेट में घोंप दिया। बीच-बचाव करने आए दूसरे दोस्त संदीप मौर्य पर भी चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए।गंभीर रूप से घायल एस. रवि के पेट में गहरा घाव होने के कारण उसे फौरन आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट