रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बाजार भाव के हवाले से कहा कि चावल की कीमत 30 रू., दाल 50 रू., महंगी शक्कर की कीमत बढ़ गयी है। कुछ वर्ष पहले भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी महंगाई के खिलाफ आंदोलन करके सुर्खियों में रही है। 13 रुपए प्रति किलो शक्कर का वायदा उन्होंने ही किया था, अब अवसर है अपने वायदे निभाये, प्रदेश की जनता झोला लेकर खड़ी है। गैस, सिलेंडर के बढ़ते दामो के खिलाफ सिलेंडर उठाये हुए उनकी तस्वीर खूब वायरल हुई थी। आज गैस, खाद्य तेल, शक्कर, राशन सामाग्री, कपड़ा, साबुन, दवाई सभी के दाम बेतहाशा बढ़े गये है। जब स्मृति ईरानी रायपुर आईं है तो महंगाई पर उनसे जवाब मांगने का समय है। मोदी की गारंटी में भाजपा ने महिलाओं को 500 रू. में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। उनसे आग्रह करें कि हर महिला को 500 रू. में सिलेंडर दिलवाये, 35 रू. में पेट्रोल- डीजल और बिना भेदभाव के प्रत्येक विवाहित महिला को महतारी वंदन योजना का लाभ भी स्मृति जी दिलवाये। मोदी की गारंटी के वादे के अनुसार छत्तीसगढ़ की जनता से किये वादे भाजपा सरकार कब पूरा करेगी? इसका जवाब स्मृति ईरानी को राज्य की जनता को देना होगा।
बैज ने कहा कि स्मृति जी आज महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रही है, छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद महिलाएं असुरक्षित है। इस पर भी साय सरकार को कुछ निर्देश देगी। प्रतिदिन औसतन 8 से 9 दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है, औसतन हर साल 3200 महिलाओं के साथ अत्याचार हो रही है। घर में घुस कर गोली मारी जा रही है। सरेआम एसिड अटैक हो रहा है, अपहरण और हत्याएं हो रही है, भयमुक्त वातावरण देने में यह सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है।
बैज ने कहा कि कल से भाजपा का हर छोटा बड़ा नेता कांग्रेस अध्यक्ष श्री खडग़े के मोदी के संबंध में दिए बयान पर शोर मचा रहा। खडग़े जी ने क्या गलत कहा। उन्होंने मोदी के पिता के संबंध में कोई टिप्पणी नहीं किया। उन्होंने तो सामान्य लोकोक्ति का उल्लेख किया पुरानी कहावत है वो क्या उसका बाप भी जाएगा। खडग़े जी ने जिस वोट चोरी बेरोजगारी मंहगाई भ्रष्टाचार के संबंध में मोदी सरकार को ले कर टिप्पणी की है उस पर बात करे।
मुद्दा भटकाने से कुछ नहीं होगा। वोट चोरी, एसआईआर इस पर मोदी को भाजपा को जनता को जबाव देना ही होगा।