रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अक्टूबर। सम्पूर्ण भारतवर्ष के साथ कचना स्थित अमलतास कैसल परिसर में श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर एवं वर्तमान आचार्य श्री समयसागर का अवतरण दिवस श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण धार्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों, विचारों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
मंदिर के अध्यक्ष हिमांशु जैन ने बताया कि गुरुदेव का जीवन त्याग, तपस्या, करुणा, स्वावलंबन और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। उनके विचार समाज को आत्मनिर्भरता, जीवदया एवं सेवा के मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर सुरेश मोदी के मार्गदर्शन में आचार्यश्री के सानिध्य एवं प्रेरणा से जनहित में संचालित स्वावलंबन, हथकरघा तथा मूक प्राणियों की रक्षा एवं सेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। विशेष रूप से गौवंश की रक्षा, सेवा एवं संवर्धन के उद्देश्य से संचालित *‘गौ संवर्धन योजना’* को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।