रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अक्टूबर। राजधानी सहित प्रदेश में गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। दिन में तेज धूप के बाद शाम होते तक तापमान में 10 डिग्री का अंतर देखने को मिला। इसके साथ ही रात में लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। इस बीच प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव होने के संकेत है। आगामी 27-28 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई। है। मौसम में हो रहे इस बदलाव को बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती संचरण कारण बताया जा रहा है। वहीं बारिश के बाद प्रदेश में ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 की सुबह 5.30 बजे दक्षिण-पूर्व और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान सागर के आसपास ऊपरी वायुमंडलीय परिसंचरण के प्रभाव से कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह प्रणाली समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है।
इसके प्रभाव से कम दबाव का क्षेत्र 24 अक्टूबर तक अवदाब और 25 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में बदल सकता है। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों की ओर जाने का अनुमान है।
27 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दिन एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की आशंका है। 28 और 29 अक्टूबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है। प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम आंकड़ों के अनुसार, रायपुर के लालपुर केंद्र में अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।
इस बीच प्रदेश में रात का तापमान घटने लगा है। सुकमा 23.3 डिग्री को छोड़ शेष सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री या नीचे चला गया है। कल रात सरगुजा में 13 और जीपीएम में 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में 20 डिग्री और आसपास के बिलासपुर महासमुंद, दुर्ग गरियाबंद में 18-19 डिग्री सेल्सियस पर रात गुजरी।