रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अक्टूबर। गोबरा नवापारा के एक निजी स्कूल के छात्र के साथ कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक प्रताडऩा का मामला सामने आया है। शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, पटेवा की प्राचार्य पल्लवी मरार के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया है।
गोबरानवापारा पुलिस के मुताबिक 23 अक्टूबर को शिक्षा विभाग का जांच प्रतिवेदन प्राप्त हुआ। प्रतिवेदन के अवलोकन में छात्र यवनीश जांगड़े के साथ विद्यालय में अनुशासन के नाम पर कथित अनुचित व्यवहार किए जाने की जानकारी सामने आई।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायतकर्ता यशवीर कुमार जांगड़े का पुत्र यवनीश जांगड़े एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, ग्राम पटेवा में पढ़ाई कर रहा था। स्कूल में लंबे बाल रखने के कारण छात्र की चोटी बनाई गई और कैंची से बाल काटे गए। इसके अलावा, बच्चे के होमवर्क पूरा नहीं करने पर बच्चे का कान मरोड़ेने की बात भी सामने आई है।
शिक्षा विभाग की ओर से 31 जुलाई को विद्यालय का निरीक्षण किया गया। जिसमें पालक, छात्र, प्राचार्य और संबंधित शिक्षकों के बयान दर्ज किए थे। रिपोर्ट में छात्र को नींद में परेशानी, चिड़चिड़ापन और स्कूल जाने से डर लगने जैसी समस्याएं सामने आई।
जांच रिपोर्ट में विद्यालयीन अनुशासन के नाम पर छात्र को मानसिक संताप और शारीरिक असुविधा पहुंचाए जाने की बात कही गई है। शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रबंधन को भविष्य में बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार नहीं करने की चेतावनी दी।