रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन द्वारा इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा के सम्मान में प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में आठवें वेतन आयोग, पुरानी पेंशन योजना, महंगाई भत्ता, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
लांबा ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकारों के कर्मचारियों की लंबित मांगों पर प्रकाश डालते हुए 12 दिसंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कर्मचारी आक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों एवं अधिकारियों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने अपने संबोधन में संगठन की उपलब्धियों एवं कर्मचारी हितों के लिए किए गए संघर्षों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फेडरेशन ने प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, केंद्र के समान महंगाई भत्ते की व्यवस्था, सातवें वेतनमान के अनुरूप डीए, स्टाइपेंड व्यवस्था की समाप्ति, दुर्घटना बीमा योजना, अर्जित वेतन के विरुद्ध ऋण सुविधा तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सफलता प्राप्त करने में भूमिका निभाई है।
फेडरेशन के प्रांतीय महासचिव चंद्रशेखर तिवारी ने फेडरेशन की प्रांतीय निकाय की 6 अगस्त को आयोजित बैठक में मोदी की गारंटी को लागू कराने तथा केंद्र सरकार के समान कर्मचारी हितैषी योजनाओं का लाभ छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवकों को दिलाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कर्मचारी संगठन से संबद्धता का निर्णय लिया गया था।
इसी क्रम में राष्ट्रीय संगठन के साथ मिलकर नई दिल्ली में प्रदर्शन करने का निर्णय भी लिया गया है।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, प्रमुख सलाहकार बी.पी. शर्मा, छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता पंकज पाण्डेय, कार्यालय मंत्री जय कुमार साहू, मनोज साहू, संतोष कुमार वर्मा, पूषण साहू, चंदूलाल चंद्राकर, गजेंद्र साहू सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।