रायपुर
छत्तीसगढ़ प्रांत ईकाई के पुनर्गठन पर फैसला संभव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक इंदौर में 2, 3 और 4 नवंबर को होगी । संघ की ओर से सुनील आंबेकर ने आधिकारिक जानकारी में बताया कि तीन दिवसीय बैठक में संगठन के शीर्ष पदाधिकारी भाग लेंगे। बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित सभी छह सह सरकार्यवाह शामिल है। इस बैठक में भारत के घरेलू मामलों में बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप पर चर्चा होगी। हाल ही में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने विजयदशमी के संबोधन में यह मामला उठाया था. इसके अलावा ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म की सामग्री और नशीले पदार्थों के मुद्दे पर भी चर्चा होगी।
संघ की संगठनात्मक संरचना के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक तथा सह प्रांत संघचालक, सह प्रांत कार्यवाह और सह प्रांत प्रचारक इस बैठक में उपस्थित रहेंगे।
वहीं, संघ के सभी 11 क्षेत्रों के क्षेत्र संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक और उनके सहयोगी पदाधिकारी भी आमंत्रित हैं। इसमें हिस्सा लेने छत्तीसगढ़ से डा पुर्णेंदु सक्सेना और आधा दर्जन प्रांत पदाधिकारी भी जाएंगे। संकेत है कि इस बैठक में छत्तीसगढ़ प्रांत ईकाई के पुनर्गठन की खबरों के बीच दो भागों में विभाजित करने का फैसला हो सकता है।