रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अक्टूबर। चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात में 2.15 लाख का सामान चुरा ले गए। पहली घटना में ग्राम पी. जामगांव स्थित सब्जी फार्म हाउस से दो सबमर्सिबल मोटर पंप और 2 हजार मीटर केबल वायर चोरी हो गई, वहीं दूसरी घटना में ग्राम रसनी स्थित एक बिजली दुकान के सामने रखे 550 किलो एल्युमिनियम तार का बंडल चोरी हुवे।
दोनों ही मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
अभनपुर पुलिस के मुताबिक ग्राम पी. जामगांव निवासी प्रांशु शर्मा का 12 एकड़ जमीन पर श्रीराम नंदकुमार एग्री वेंचर्स के नाम से सब्जी फार्म हाउस है। फार्म हाउस में सिंचाई के लिए 5 एचपी के दो सबमर्सिबल मोटर पंप और केबल वायर रखे गए थे। फार्म हाउस की देखरेख चौकीदार भोजराम ध्रुव करता है।
14 अक्टूबर की रात 8:30 बजे चौकीदार ने सब्जियों में सिंचाई की थी। अगले दिन 15 अक्टूबर की सुबह 8 बजे जब सिंचाई के लिए मोटर पंप चालू किय, तो पानी नहीं आया। जांच करने पर बोर में लगा मोटर पंप, ड्रिप रूम में रखा दूसरा मोटर पंप और दो हजार मीटर केबल वायर गायब थे। अज्ञात आरोपी फार्म हाउस के तार को हटाकर अंदर घुसे और पंप हाउस का ताला तोडक़र सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है। आसपास तलाश करने के बाद भी सामान का पता नहीं चला । जिसके बाद प्रांशु में इसकी रिपोर्ट कल शाम अभनपुर थाने में दर्ज कराई।
दूसरी घटना ग्राम रसनी स्थित इशिका इंडस्ट्रीज बिजली दुकान की है। दुकान संचालक रामेश्वर देवांगन, निवासी सत्यम विहार, रायपुरा ने बताया कि 30 सितंबर की शाम 7 बजे दुकान बंद कर वह घर चला गया था। अगले दिन 1 अक्टूबर की सुबह 9:30 बजे दुकान पहुंचने पर सामने रखा 550 किलो एल्युमिनियम बिजली तार का बंडल गायब था।
चोरी गए तार की कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। दुकान संचालक ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें अज्ञात व्यक्तियों के चोरी करते हुवे नजर आया।
दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।