रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अक्टूबर। उत्कल समाज के प्रमुख पर्व नवाखाई भेंटघाट आयोजन में आने पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्रीमती मुर्मू की उपस्थिति में गौरव और प्रेरणा का अविस्मरणीय अवसर रहा। मिश्रा ने राज्यपाल रमेन डेका, सीएम विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव एवं श विजय शर्मा सहित सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय का भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक उत्सव मनाना नहीं, बल्कि संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा और युवा सशक्तिकरण को एक साझा मंच पर लाना है। अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहकर आधुनिक विकास की ओर आगे बढऩा ही इस आयोजन की मूल भावना है। सेवा सम्मान पर्व के माध्यम से समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण, जनसेवा तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को प्रोत्साहित करना है। वहीं, युवा प्रबोधन का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना है। युवाओं को नशामुक्त जीवन, सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भाव अपनाने का संदेश देना भी इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण लक्ष्य था।
बीटीआई ग्राउंड में नहीं बनेगा कोई व्यावसायिक या आवासीय परिसर-मिश्रा
रायपुर, 23 अक्टूबर। शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में किसी भी तरह का व्यावसायिक या आवासीय परिसर नहीं बनाया जाएगा। मैदान का उपयोग केवल खेल गतिविधियों के लिए होगा। रायपुर उत्तर के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने शुक्रवार को यह स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि बीटीआई ग्राउंड से लगे सरकारी कर्मचारियों के जर्जर आवासों की जमीन पर पुनर्विकास योजना के तहत निर्माण किया जाएगा। मैदान को इस योजना से अलग रखा गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुरंदर मिश्रा ने कहा कि बीटीआई मैदान खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रहना चाहिए और इसका व्यावसायिक उपयोग नहीं होना चाहिए। इस सिलसिले उन्होंने रायपुर कलेक्टर से भी चर्चा की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के जर्जर आवासों को हटाकर वहां बहुमंजिला भवन बनाने की योजना का मैदान से कोई संबंध नहीं है।गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने बीटीआई परिसर के कर्मचारियों के आवासीय क्षेत्र में पुनर्विकास योजना के तहत आवासीय और व्यावसायिक निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें 200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का अनुमान है। करीब दो लाख वर्गफीट क्षेत्र में निर्माण के लिए निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे।
योजना के तहत संकल्प बिल्डर्स, सारवगी बिल्डर्स, भोपाल की कृपा बिल्डर्स और मोहन पोद्दार एंड बिल्डर्स के तकनीकी प्रस्ताव पात्र पाए गए हैं। वित्तीय प्रस्ताव खोलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बेहतर प्रस्ताव देने वाले निवेशक का चयन कर जमीन हस्तांतरित की जाएगी। गृह निर्माण मंडल को इस योजना से आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
बीटीआई के अलावा राजनांदगांव, दुर्ग सहित अन्य शहरों में भी पांच स्थानों पर पुनर्विकास योजनाओं के लिए बड़े निर्माणकर्ताओं से प्रस्ताव मंगाए गए हैं। मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, इन योजनाओं में भी निवेशकों ने रुचि दिखाई है। चयनित निर्माणकर्ताओं को अक्टूबर के अंत तक जमीन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है।