रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 अक्टूबर। तेलीबांधा इलाके में गरूडा स्पेशलिटी स्टील कंपनी के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट एवं प्लांट हेड दीपक साहू के खिलाफ कम्पनी ने अमानत में खयानत का आरोप लगाया है। कंपनी संचालक आदित्य मित्तल ने बुधवार शाम थाना जाकर दीपक साहू के खिलाफ लिखित दी है। शिकायत पर पुलिस ने धारा 316(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
आदित्य ने बताया कि गरूडा स्पेशलिटी स्टील कंपनी का कार्यालय जीवन विहार, तेलीबांधा में स्थित है। जिसकी फैक्टरी धरसींवा में है। दीपक साहू 1 जून 2026 से कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट/प्लांट हेड के पद पर कार्यरत था। इस बीच 17 जुलाई 2026 को दीपक साहू ने अचानक बिना पूर्व नोटिस के नौकरी छोडऩे का मैसेज दिया और कंपनी आना बंद कर दिया। इससे कंपनी को व्यावसायिक नुकसान उठाना पड़ा।
आरोप हैै कि कंपनी ओर से दीपक साहू को कामकाज के लिए लैपटॉप को दिया गया था। जिसमें कम्पनी के लेनदेन और अन्य जानकारियां थीं। जिसे उसने नौकरी छोडऩे के बाद भी वापस नहीं किया। इसके अलावा कंपनी के दैनिक खर्चों के लिए रखे एक लाख रुपए की राशि भी बिना अनुमति अपने पास रख लिया गया। कंपनी संचालक ने यह भी आरोप लगाया है कि दीपक साहू कंपनी में कार्यरत रहने के दौरान ही एक दूसरी कंपनी के साथ गोपनीय व्यावसायिक जानकारी साझा कर रहा था। शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने 20 जुलाई 2026 को नोटिस जारी कर लैपटॉप वापस करने और कंपनी के हितों को नुकसान नहीं पहुंचाने के लिए कहा था। इसके बाद 2 अक्टूबर 2026 को दीपक साहू की नई कंपनी को भी लिखित सूचना देकर लैपटॉप लौटाने तथा गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने को कहा गया। दीपक साहू ने कंपनी के ग्राहकों और व्यावसायिक सौदों से संबंधित जानकारी का दुरुपयोग कर कारोबार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।