रायपुर
एक लाख करोड़ के फंड से परियोजनाएं तैयार करें नगरीय निकाय - साय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अर्बन चैलेंज फंड छत्तीसगढ़ के शहरों के सुनियोजित विकास का बड़ा अवसर है। नगरीय निकाय भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर गुणवत्तापूर्ण और आर्थिक रूप से व्यवहार्य परियोजनाएं तैयार करें, ताकि शहरों को आधुनिक और सुविधासंपन्न बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने बुधवार को नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में अर्बन चैलेंज फंड और अर्बन इन्वेस्ट विंडो पर आयोजित प्रथम क्षेत्रीय कार्यशाला का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास केवल सडक़, पेयजल और स्वच्छता तक सीमित नहीं होना चाहिए। जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, बेहतर जल निकासी और बिजली के तारों को भूमिगत करने जैसी योजनाओं पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यशाला में नगरीय विकास को गति देने के लिए दो एमओयू किए गए। पहला हुडको और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बीच तथा दूसरा विभाग और सेप्ट विश्वविद्यालय के बीच हुआ। इससे नगरीय निकायों को परियोजना निर्माण, वित्तीय संसाधन जुटाने, तकनीकी विशेषज्ञता और प्रशिक्षण में सहयोग मिलेगा।