रायपुर

स्वास्तिक नर्सिंग होम के ऑपरेशन थिएटर में एसी ब्लास्ट, 12 मरीज सुरक्षित शिफ्ट
19-Oct-2026 7:48 PM
स्वास्तिक नर्सिंग होम के ऑपरेशन थिएटर में एसी ब्लास्ट, 12 मरीज सुरक्षित शिफ्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 अक्टूबर। राजधानी में एक बार फिर निजी अस्पतालों में  उपकरणों के रखरखाव की पोल खुल गई।  जल विहार कॉलोनी स्थित स्वास्तिक नर्सिंग होम में सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थिएटर  में अचानक एयर कंडीशनर फटने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने ओटी में रखी लाखों रुपये की अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनों और उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि  किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा।

 मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब ओटी से लगे चेंजिंग रूम में अस्पताल का स्टाफ मौजूद था। अचानक एसी में एक जोरदार धमाका हुआ और उसमें से आग की लपटें उठने लगीं। स्टाफ ने बिना वक्त गंवाए तुरंत अलार्म बजाया और बाकी कर्मचारियों को सतर्क किया। देखते ही देखते आग ऑपरेशन टेबल, एनेस्थीसिया मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक ट्रॉलियों तक फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने फौरन फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस सेवाओं को सूचित किया।

धमाके के बाद पूरी मंजिल पर काला और घना धुआं भर गया। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल की बिजली सप्लाई तुरंत काट दी गई। सबसे बड़ी गनीमत यह रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त ओटी के भीतर ऑपरेशन नहीं चल रहा था। हालांकि, ओटी से सटे आईसीयू में करीब 10 से 12 गंभीर मरीज भर्ती थे। उन्हें तुरंत अस्पताल से  पास के ही एक अन्य निजी अस्पताल में सुरक्षित शिफ्ट कर दिया गया। आग इतनी भीषण थी कि ओटी की छत और दीवारें पूरी तरह काली पड़ गई हैं। फर्श पर जली हुई मशीनों के अवशेष और मलबा बिखर गया । प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस हादसे में अस्पताल को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अस्पताल के मैनेजर चेतन पाल के अनुसार अस्पताल की फायर एनओसी पूरी तरह से वैध है और हमारी अग्निशमन प्रणाली सही तरीके से काम कर रही थी।  प्राथमिक तौर पर मामला एसी ब्लास्ट का लग रहा है।


अन्य पोस्ट