रायपुर

गरबा महोत्सव हमारी आस्था, सांस्कृतिक विरासत व सामाजिक एकता का संगम-साय
18-Oct-2026 7:50 PM
गरबा महोत्सव हमारी आस्था, सांस्कृतिक विरासत व सामाजिक एकता का संगम-साय

सीएम राजधानी के विभिन्न गरबा महोत्सवों में हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार रात राजधानी में आयोजित विभिन्न गरबा महोत्सवों में शामिल होकर प्रदेशवासियों को नवरात्रि की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री  विष्णुदेव  साय कालीबाड़ी स्थित मां काली मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही वे मंडी परिसर में श्री पाटीदार नवरात्रि महोत्सव, भानपुरी में श्री कच्छ कड़वा पाटीदार समाज के गरबा समारोह, गोवर्धन नगर में श्री कच्छ गुर्जर क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित नवरात्रि महोत्सव तथा अमलीडीह क्षेत्र में आयोजित ढोलिडा रास गरबा-2026 सहित विभिन्न आयोजनों में सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गरबा केवल नृत्य का आयोजन नहीं, बल्कि मां दुर्गा के प्रति हमारी श्रद्धा और भक्ति की सुंदर अभिव्यक्ति है। गुजरात से प्रारंभ हुई गरबा की समृद्ध परंपरा आज पूरे देश में उत्साह और उमंग के साथ मनाई जाती है। यह भारत की सांस्कृतिक विविधता में एकता का सुंदर उदाहरण है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की पावन धरती है। यह मां दंतेश्वरी, मां बम्लेश्वरी, मां महामाया और मां चंद्रहासिनी जैसी आराध्य देवियों की भूमि है। प्रदेश में सदियों से शक्ति की उपासना और देवी आराधना की गौरवशाली परंपरा रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहा कि माता रानी की कृपा सभी प्रदेशवासियों पर बनी रहे। हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आए तथा छत्तीसगढ़ शांति, समृद्धि और विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

इस अवसर पर विधायक  पुरंदर मिश्रा,  पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल,  जयंती पटेल,  जगदीश पटेल सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट