रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 अक्टूबर। राजधानी के शीतला मंदिर परिसर में लगाए गए एक पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
फेसबुक पर शेयर यह पोस्टर शीतला मंदिर परिसर में चस्पा बताया गया है। इसमें यादव-राउत समाज की माताओं-बहनों के खिलाफ कथित तौर पर जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।इसे लेकर यादव समाज में भारी नाराजगी और रोष व्याप्त है। समाज से जुड़े लोगों ने पोस्टर की सत्यता की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को पहले पोस्टर पर टेप चिपकाकर बंद किया गया उसके बाद मंदिर परिसर से हटा लिया गया।
इस मामले में विधायक देवेंद्र यादव ने शनिवार को नाराजगी जताते हुए शासन-प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक ओर नवरात्र में मां भगवती की पूजा हो रही है, वहीं दूसरी ओर पूरे यादव-राउत समाज की अस्मिता और माताओं-बहनों को लेकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें ठग बताया जा रहा है। शीतला मंदिर के व्यवस्थापक या पुजारी द्वारा ऐसा पोस्टर लगाए जाने से पूरा समाज आहत हुआ है। उन्होंने इसे अक्षम्य कृत्य बताते हुए कहा कि जिसने भी ऐसा किया है, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
समाज के लोगों का कहना है कि इस तरह की भाषा से सामाजिक समरसता और समाज की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर पोस्टर की सत्यता स्पष्ट करने और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। अब प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजर है।