रायपुर
बस संचालकों की समस्या का हुआ त्वरित समाधान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अक्टूबर। यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने पचपेड़ी नाका ब्रिज एवं एमएमआई अंडरब्रिज के आसपास विशेष अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया । इस दौरान वहां के फल सब्जी विक्रेताओं को हटाया गया।
उल्लेखनीय है कि 14 अक्टूबर को डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के साथ बैठक में बस संचालकों ने प्रमुखता से यह विषय रखा था कि पचपेड़ी नाका व एमएमआई ब्रिज के नीचे यात्रियों के पिक एंड ड्रॉप हेतु निर्धारित स्थलों पर फल-ठेला व्यवसायियों द्वारा अनधिकृत कब्जा कर लिया गया है। इस कारण बसें मुख्य मार्ग पर ही रुकने को विवश होती हैं।
इसके बाद आज यातायात पुलिस एवं नगर निगम के उडऩदस्ते ने वहां सभी प्रकार के अवैध कब्जों व ठेलों को हटाया । इस कार्रवाई से बसों के लिए निर्धारित स् टॉपेज बे पूरी तरह क्लीयर हो गया है। जिससे अब यात्री सुरक्षित ढंग से आवागमन कर सकेंगे और मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रमुख चौराहों, ओवरब्रिजों के नीचे तथा बस स्टॉपेज जैसे स्थलों पर अनधिकृत कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। नगर निगम के समन्वय से यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।
आगे क्या - हटाए गए दुकानदारों ने मीडिया से कहा कि हम लोगों पर यह कार्रवाई दबंग कहे जाने वाले बस लाबी के दबाव में की गई है। अब देखना होगा कि बस वाले कहां रोकते हैं। और बीच सडक़ पर रोकने की स्थिति में पुलिस क्या कार्रवाई करती है।