रायपुर

मारपीट और चाकूबाजी की तीन घटनाएं, रेपिडो चालक की बाइक तोड़ी
17-Oct-2026 7:57 PM
मारपीट और चाकूबाजी की तीन घटनाएं, रेपिडो चालक की बाइक तोड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 अक्टूबर। राजधानी रायपुर में अलग-अलग थानों में मारपीट, चाकू से हमला, जान से मारने की धमकी और वाहन में तोडफ़ोड़ की तीन घटनाएं सामने आई हैं। इनमें टिकरापारा में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, वहीं पंडरी में पैर पर गाड़ी चढ़ाने के विवाद में युवक से मारपीट की गई। सरस्वती नगर क्षेत्र में दो अज्ञात युवकों ने बाइक टैक्सी चालक के साथ मारपीट कर उसकी गाड़ी में तोडफ़ोड़ कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

 मठपुरैना पटेल चौक निवासी नंद कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे वह अपने दोस्त कैफी के साथ डबरी तालाब पार बैठा था। इसी दौरान सिकंदर शाह और शुभम रात्रे वहां पहुंचे और उसकी जेब की तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शुभम रात्रे ने नंद को पीछे से पकड़ लिया, जबकि सिकंदर शाह ने जेब से चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दे उस परप हमला कर दिया। हमले में नंद बुरी तरह घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वहीं पंडरी जिला अस्पताल के पीछे मंडी गेट के पास रहने वाले बीरू ने बताया कि कल दोपहर करीब 3 बजे वह किराना सामान खरीदने जा रहा था। इसी दौरान मुनेश साहू ने वाहन चलाते हुए उसके पैर पर गाड़ी चढ़ा दी। इस बात का विरोध करने पर आरोपी अपने एक दोस्त को लेकर पहुंचा और दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई।

सरस्वती के कृष्णा नगर, में भी मारपीट और तोडफ़ोड़ की घटना सामने आई है। गुढिय़ारी निवासी मोहम्मद ने बताया कि वह रैपिडो में बाइक टैक्सी चलाता है। 15 की रात करीब 9ॅ30 बजे वह एक बुकिंग लेने जैन मंदिर की ओर जा रहा था। गर्ल्स हॉस्टल के पीछे करबला तालाब के पास उसे दो युवक मिले। पहले एक युवक ने उससे सिगरेट मंगवाई और बाद में दोनों ने शराब पीने के लिए एक हजार रुपए मांगने लगे। जिसे रूपए देने से  मना करने पर दोनों ने उसकी बाइक को पत्थर से मारकर तोड़ दिया। विरोध करने पर उसे भी जान से मारने की धमकी दे मारपीट की गई। तीनों ही मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की गई।


अन्य पोस्ट